बुलडोजर पर निकली दूल्हे राजा की बारात ! दुल्हन की कार के पीछे बुलडोजर पर नाचते बाराती

बुलडोजर पर निकली दूल्हे राजा की बारात ! दुल्हन की कार के पीछे बुलडोजर पर नाचते बाराती

झांसी में अनोखे अंदाज में दुल्हन की विदाई हुई। बारात में आगे दूल्हा-दुल्हन की कार चल रही थी, पीछे 12 बुलडोजर पर नाचते-गाते बाराती। बारात देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुट गई। बारात कार, बग्घी और डीजे के साथ गई थी, लेकिन जब सुबह विदाई हुई तो यह शहर में चर्चा का विषय बन गई। लोग बारात की विदाई को अपने मोबाइल में कैद करने लगे।

शुक्रवार सुबह बिहारी मैरिज गार्डन से बारात विदाई हुई। परिजनों ने कहा कि बुलडोजर उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा फेमस है। इसलिए हम लोग बारात में बुलडोजर लेकर आए हैं। दूल्हे का भी मन था कि बारात में बुलडोजर आए।

WhatsApp Image 2025-02-22 at 5.35.08 PM

सिजवाह गांव आजाद नगर निवासी मुन्नीलाल ठेकेदार हैं। मुन्नीलाल पांच भाई हैं। सभी के पास बुलडोजर हैं। मुन्नीलाल के छोटे बेटे राहुल की शादी खोड़न गांव के आजाद यादव की बेटी से तय हुई। गुरुवार को बारात शिवपुरी रोड स्थित बिहारी मैरिज गार्डन गई थी। यहां धूमधाम से शादी हुई।

सुबह विदाई के दौरान दुल्हन की कार के अलावा 12 बुलडोजर गेट पर खड़े थे। यह देख सभी लोग दंग रह गए। बारात विदा हुई तो बुलडोजर पर सवार बाराती रास्ते भर नाचते-गाते चल रहे थे।

अनोखी बारात को देखने के लिए सड़क पर भीड़ लग गई। मैरिज गार्डन दूल्हे के घर से 7 किमी दूर है। राहुल यादव भी पिता के साथ ठेकेदारी करता है। वहीं, दुल्हन करिश्मा ग्रेजुएट है। दुल्हन के पिता किसान हैं।

राहुल यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश में सभी लोग बुलडोजर को बाबा का बुलडोजर के नाम से जानते हैं, जो अवैध निर्माण पर चलता है। ऐसे में मैंने सोचा कि क्यों न बुलडोजर को विदाई में शामिल किया जाए। कुछ बुलडोजर हमारे परिवार के ही हैं। वहीं, कुछ मिलने वालों के थे। बारात सामान्य तरीके से गई थी। जब सुबह विदाई हुई तो पूरे शहर शादी की चर्चा होने लगी।

Read Also : फेसबुक पर महिला ने पहले दोस्त बनाया फिर करवा दिया किडनैप, पुलिस ने 4 आरोपियों को धर-दबोचा