युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान सफलता की ओर बढ़ रहा है - अमन अरोड़ा

युद्ध नशों के विरुद्ध  अभियान सफलता की ओर बढ़ रहा है - अमन अरोड़ा

फाजिल्का 5 अप्रैल
पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ शुरू की गई मुहिम के सार्थक परिणाम सामने आने लगे हैं। वे आज यहां आसफ वाला में बने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद क्षेत्रवासियों को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि 1971 के भारत-पाक युद्ध में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान वीरों की याद में बनाया गया शहीदी स्मारक एक पवित्र स्थान है। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपना बलिदान देने वाले इन महान सैनिकों की शहादत की कहानी देश के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि हम महान शहीदों के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हैं।
श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ जंग शुरू की है, जिसमें लोग भी बड़े स्तर पर सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ड्रग सप्लाई लाइन को तोड़ रही है। सरकार ने पुलिस को पेशेवर तरीके से काम करने की आजादी दी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में लोगों का सहयोग बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से पंजाब इस जंग को जरूर जीतेगा।
पंजाब में विकास की चर्चा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य के सर्वपक्षीय विकास की जिम्मेदारी ली है।  प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को 5 करोड़ रुपये दिए गए हैं ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विकास किया जा सके। उन्होंने क्षेत्रवासियों की मांग पर आसफ वाला में सेवा केन्द्र खोलने की भी घोषणा की।
इससे पहले फाजिल्का के विधायक श्री नरिंदर पाल सिंह सवना ने कहा कि राज्य सरकार गांवों व शहरों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं और हर परिवार को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर देने से समाज के हर वर्ग को लाभ मिलेगा।
इससे पहले यहां पहुंचने पर उपायुक्त अमरप्रीत कौर संधू ने उनका स्वागत किया और स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अन्यों के अलावा एसएसपी श्री वरिंदर सिंह बराड़, एसपी श्री प्रदीप सिंह संधू, शहीदां दी समाधि कमेटी के चेयरमैन श्री संदीप गल्होत्रा, कमेटी सदस्य प्रफुल नागपाल, शशिकांत, जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन श्री सुनील सचदेवा, मार्केट कमेटी के चेयरमैन श्री परमजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Tags: